*सारंगढ़-बिलाईगढ़* जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत झाल में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सुबह करीब साढ़े चार बजे एक ही परिवार पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और भय का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य घर में गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति अचानक घर में घुस आया और सो रहे लोगों पर तेज धार वाले हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और बेरहमी से किया गया कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हमले में परिवार के चाचा और बुजुर्ग दादी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल एक मासूम बच्चे को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
बताया जा रहा है कि हमले में दो अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम थाना डोंगरीपाली से मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने का काम तेज कर दिया है। आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जमा हैं और इस जघन्य वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
टिप्पणियाँ