मुंगेली - कलेक्टर महोदय श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आर.एस. आयाम के मार्गदर्शन में मुंगेली जिले में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत 10 फरवरी 2026 से सामूहिक दवा सेवन (एम.डी.ए.) अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 8 लाख 36 हजार 366 नागरिकों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया गया है। इस अभियान के तहत जिले में 98.2 प्रतिशत नागरिकों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जा चुका है। इनमें बूथ लगाकर 3 लाख 72 हजार 1 नागरिकों को एवं घर-घर भ्रमण कर 4 लाख 64 हजार 365 नागरिकों को दवा का सेवन कराया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत फाइलेरिया रोधी सामूहिक दवा सेवन (एम.डी.ए.) अभियान में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति को उम्र के अनुसार फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जा रहा है। जिससे फाइलेरिया के ट्रांसमिशन को खत्म किया जा सके। जिले को हाथीपांव (फाइलेरिया) जैसी असाध्य बीमारी से मुक्त करने एवं भ्रांतियों को दूर करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कर संदेश दिया कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और दवा सेवन ही बीमारी से बचाव का एकमात्र विकल्प है। उन्होने बताया कि दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना है और इसे हमेशा स्वास्थ्य कर्मी की मौजूदगी में ही लेना है। उन्होंने बताया कि तृतीय चरण 03 दिवस में छूटे हुए व्यक्तियों हेतु मॉपअप राउंड में पूर्ण किया जाएगा। सभी लोग इस अभियान में सहयोग देने हेतु अनुरोध है।
टिप्पणियाँ