चांदमारी रोड पर युवतियों से फिल्मी स्टाइल में छेड़खानीमहिला थाना की त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, कार जप्तचार आरोपी फरार, पुलिस की सघन पतासाजी जारी
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़
रायगढ़, 12 फरवरी 2026।
चांदमारी रोड पर देर रात कार सवार दो युवतियों के साथ फिल्मी अंदाज में छेड़खानी और पीछा करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार क्रमांक CG13 AW 2410 को भी जप्त कर लिया गया है। मामले के चार अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में महिला थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता ने 10 फरवरी को महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 फरवरी की रात करीब 11 बजे वह अपनी ममेरी बहन के साथ कार से रायगढ़ दवाई लेने जा रही थीं। चांदमारी रोड पर उन्होंने कार रोककर आवारा कुत्तों को बिस्किट खिलाना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से एक नीले रंग की ग्रैंड विटारा कार में सवार पांच युवक वहां पहुंचे और दोनों युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियां एवं गंदे इशारे करने लगे।
युवतियां वहां से निकल गईं, लेकिन आरोपी युवकों ने उनका पीछा किया। रियापारा तिराहा चौक के पास आरोपियों ने ओवरटेक कर उनकी कार के सामने अपनी कार अड़ा दी। एक युवक कार से उतरकर अभद्र हरकत करते हुए अपना नाम प्रदीप पटेल बताया, जबकि अन्य युवक भी अश्लील टिप्पणियां करते रहे।
इन धाराओं में अपराध दर्ज
महिला थाना में इस मामले में अपराध क्रमांक 09/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के विरुद्ध धारा 78(2), 126(2), 79, 75(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
छापेमारी में कार बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार ढिमरापुर स्थित प्रदीप पटेल के घर के सामने खड़ी मिली, हालांकि वह मौके से फरार था। आगे की जांच में पता चला कि घटना के समय वाहन नरेन्द्र महावर चला रहा था।
तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने
नरेन्द्र महावर (21 वर्ष), पिता नथोली राम महावर, निवासी वार्ड नं. 1 चांवसारी, भवानी स्कूल के पास, थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने अपने साथियों — प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता एवं संगम त्रिपाठी (निवासी सतीगुड़ी चौक, रायगढ़) — के साथ मिलकर युवतियों का पीछा कर रास्ता रोककर छेड़खानी करना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, प्रधान आरक्षक दिलीप भानू, संदीप भगत, राजेश उरांव, आरक्षक गोविंद पटेल, अनिरुद्ध बघेल एवं डोमन सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी की दोटूक चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा —
“महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छेड़खानी, अश्लीलता या महिला सम्मान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
यह घटना एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता और कड़े कानून के पालन की आवश्यकता को रेखांकित करती है। पुलिस ने फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।
टिप्पणियाँ