संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ लैलूंगा
रायगढ़, 24 फरवरी। रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान के तहत ग्राम चिलकीगुडी में जन चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण और पुलिस का सहयोग करने का संकल्प भी लिया।
जन चौपाल में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा कई गंभीर अपराधों की जड़ है, जिससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने बताया कि नशे के कारण दुर्घटनाएं और आपराधिक घटनाएं बढ़ती हैं, जिससे अनेक परिवारों का जीवन संकट में पड़ जाता है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
थाना प्रभारी ने बताया कि रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए “ऑपरेशन आघात” चलाया जा रहा है। इसके साथ ही “ऑपरेशन शंखनाद” के माध्यम से गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए मवेशी तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से देखने को मिली। थाना प्रभारी ने महिला समूहों की सराहना करते हुए कहा कि कई गांवों में महिलाओं द्वारा शराबबंदी को लेकर सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम चिलकीगुडी में भी पुलिस और महिलाओं के संयुक्त प्रयास से जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। ग्रामीणों ने भी गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान साइबर अपराधों के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। लोगों को अज्ञात कॉल, ओटीपी मांगने वाले फोन, बैंक या केवाईसी के नाम पर जानकारी मांगने वाले ठगों तथा लॉटरी या इनाम के झांसे से सावधान रहने की सलाह दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी साझा न करें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह का संदेश भी साझा किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि “नशा समाज के लिए घातक है और अवैध नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जन सहयोग से ही सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण संभव है।”
अंत में रायगढ़ पुलिस ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जन चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इससे आमजन में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हो रहा है और सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
टिप्पणियाँ