सुदूर वनांचल में शिक्षा, अनुशासन और नवाचार की मिसाल : नन्द किशोर सतपथी बने जिले के उत्कृष्ट छात्रावास अधीक्षक
लमडांड प्री मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास में बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सहायक आयुक्त ने किया सम्मानित
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, लैलूंगा
रायगढ़ / लैलूंगा | 09 मार्च 2026
विकासखंड लैलूंगा के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित प्री मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास लमडांड के प्रभारी अधीक्षक एवं शासकीय प्राथमिक शाला नवामुड़ा के प्रधान पाठक नन्द किशोर सतपथी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिले में “उत्कृष्ट छात्रावास अधीक्षक” के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्रीकांत दुबे द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर दिया गया।
नन्द किशोर सतपथी द्वारा अपने दायित्वों का निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए छात्रावास में अनुशासन, स्वच्छता और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में छात्रावास परिसर में नियमित साफ-सफाई तथा विद्यार्थियों में अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए छात्रावास में अनुशासन समिति, कृषि एवं बागवानी समिति, स्वच्छता समिति, खेल समिति, पर्यावरण समिति और सांस्कृतिक समिति का गठन किया गया है। इन समितियों के माध्यम से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता, स्वावलंबन और सामूहिक कार्य की भावना विकसित हो रही है। साथ ही विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि 05 सितंबर 2025 शिक्षक दिवस के अवसर पर भी नन्द किशोर सतपथी को विद्यालय में नवाचार के साथ उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के हाथों सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमडांड में स्काउट शिक्षक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने कई विद्यार्थियों को राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन दिया है।
उनके इस सम्मान से क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है तथा शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने की कामना की है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्रीकांत दुबे द्वारा प्री मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास लमडांड के प्रभारी अधीक्षक नन्द किशोर सतपथी को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित करते हुए।
टिप्पणियाँ