खरसिया तहसील परिसर में मचा हड़कंप: चलित शौचालय वाहन में भीषण आग, SDM प्रवीण तिवारी ने दौड़कर संभाला मोर्चा, फायर ब्रिगेड से पाया गया काबू
खरसिया :- 14 मार्च की दोपहर लगभग 12:30 से 1 बजे के बीच उस समय तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जब तहसील भवन के पीछे की ओर अचानक काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। धुआं देखते ही तहसील परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
जैसे ही घटना की जानकारी खरसिया एस.डी.एम. प्रवीण तिवारी को मिली, वे तुरंत अपने कार्यालय से निकलकर मौके की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि तहसील के पीछे कृषि विभाग के सामने कई दिनों से खड़ी चलित शौचालय की गाड़ी में भीषण आग लग गई थी और आग तेजी से फैल रही थी।
स्थिति को गंभीर देखते हुए एसडीएम प्रवीण तिवारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए JSW कंपनी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलवाई, जिसके पहुंचने के बाद आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एसडीएम प्रवीण तिवारी ने मौके पर पहुंचकर खुद स्थिति संभाली, जिससे समय रहते आग पर नियंत्रण पाया जा सका। घटना के बाद पूरे तहसील परिसर में इस घटना की चर्चा होती रही।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

टिप्पणियाँ