संवाददाता: श्री निवास मिश्रा, मैहर
भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान “मैहर विधानसभा के 2 साल बेमिसाल” पत्रिका का भव्य विमोचन किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्रिका का लोकार्पण करते हुए मैहर विधानसभा क्षेत्र में बीते दो वर्षों में हुए विकास कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं विधायकगण उपस्थित रहे। इस दौरान सभी नेताओं ने पत्रिका के माध्यम से प्रस्तुत विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सराहा।
विमोचन कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि “2 साल बेमिसाल” पत्रिका मैहर विधानसभा में किए गए कार्यों का दस्तावेज है, जिसमें क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी समाहित है। यह पत्रिका न केवल जनप्रतिनिधियों के कार्यों को दर्शाती है, बल्कि आम जनता को भी विकास की जानकारी उपलब्ध कराती है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों की गति को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैहर सहित पूरे प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मैहर क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति देने का संकल्प व्यक्त किया।
टिप्पणियाँ