संवाददाता: श्री निवास मिश्रा, मैहर
मैहर। क्षेत्रीय विकास को गति देने के उद्देश्य से मैहर सर्किट हाउस में सांसद गणेश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से नई बस स्टैंड के निर्माण और सड़क निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर गंभीर मंथन हुआ।
बैठक के दौरान सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मैहर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
नई बस स्टैंड के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चयन, स्वीकृति प्रक्रिया तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में आ रही बाधाओं को चिन्हित कर उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती विदिशा मुखर्जी ने विभिन्न विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया, जबकि पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर जानकारी दी। एसडीएम श्रीमती दिव्या पटेल सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से सड़क, परिवहन एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता संतोष सोनी, सांसद प्रतिनिधि संतोष सोनी, रामखेलावन कोल, जयंती महेश तिवारी, अशोक चौबे, महेश दरयानी, संजय राय, सत्यभान पटेल, महेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सांसद गणेश सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि मैहर क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने से ही विकास के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है।
टिप्पणियाँ