भोपाल में सांसद गणेश सिंह की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट, विकास, धार्मिक पर्यटन और किसानों के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
श्री निवास मिश्रा
सतना। सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद सांसद गणेश सिंह ने आज राजधानी भोपाल में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। यह मुलाकात पूरी तरह शिष्टाचार भेंट के रूप में हुई, जिसमें क्षेत्रीय विकास, धार्मिक पर्यटन और किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान सांसद ने मुख्यमंत्री को मां शारदा लोक (मैहर) एवं चित्रकूट वनवासी रामलोक के प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से न केवल धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र में रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्राप्त होगी। इस अवसर पर भोपल में रामवन गमन पथ के सुव्यवस्थित निर्धारण तथा उससे जुड़े प्रमुख तीर्थ स्थलों के समग्र विकास को लेकर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ। इस कार्य के लिए विशेषज्ञों का एक अध्ययन दल गठित करने का सुझाव रखा गया, जिससे ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के स्थलों का योजनाबद्ध एवं प्रभावी विकास सुनिश्चित किया जा सके किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए सांसद ने गेहूं, चना और मसूर की समर्थन मूल्य पर खरीदी जल्द प्रारंभ कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने भावांतर योजना को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित एवं समय पर मूल्य मिल सके। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
टिप्पणियाँ