जांजगीर-चांपा | संवाददाता: सरिता, साइंस वाणी न्यूज़
जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। क्षेत्र के विधायक व्यास कश्यप के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप नगरीय एवं ग्रामीण इलाकों में करोड़ों रुपये के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, डिवाइडर निर्माण तथा विद्युतीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीकृत कार्यों में सबसे प्रमुख ग्राम बुड़ेना से भैंसमुड़ी तक पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 3.50 करोड़ रुपये की राशि शामिल है, जो ग्रामीणों के लिए आवागमन की बड़ी समस्या को दूर करेगा। इसी तरह जिला पंचायत मोड़ से ग्राम पेण्ड्री तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 3.98 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
नगर क्षेत्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। जांजगीर नगर के बीटीआई चौक से खोखसा ओवरब्रिज तक सड़क पर डिवाइडर निर्माण और विद्युतीकरण के लिए 1.11 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इससे न केवल सड़क सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि रात्रिकालीन आवागमन भी आसान होगा।
इसके अलावा मुख्य मार्ग से बनारी तक 700 मीटर सड़क निर्माण के लिए 15.25 लाख रुपये, ग्राम बोड़सरा से सिवनी तक सड़क निर्माण हेतु 53.94 लाख रुपये तथा जांजगीर बाईपास के पास लिंक रोड निर्माण के लिए 78 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं जांजगीर-केरा मार्ग के 600 मीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 31.75 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है।
विधायक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इन सभी कार्यों को जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से स्वीकृति प्रदान की गई है। यह फंड खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए उपयोग किया जाता है, और इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इन स्वीकृतियों का स्वागत करते हुए कहा है कि लंबे समय से इन मार्गों की स्थिति जर्जर थी, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास है और वे लगातार शासन स्तर पर प्रयास कर रहे हैं ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों एवं नगरवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी।
टिप्पणियाँ