संवाददाता: श्री निवास मिश्रा, मैहर
मैहर, 26 अप्रैल 2026। जिले के औद्योगिक क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एमपी बिरला सीमेंट प्लांट, भरौली में कार्यरत एक ठेका मजदूर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भरौली निवासी जहान पटेल, जो पुट्टी प्लांट में केमिकल प्लांट ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे, का आज दोपहर लगभग 1:30 बजे सतना-मैहर बायपास पर एक सड़क हादसे में आकस्मिक निधन हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह अवकाश पर थे। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना पर भारतीय मजदूर संघ जिला मैहर एवं ठेका मजदूर संघ जिला मैहर ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। संगठन के जिला मंत्री मनोज शुक्ला ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि संगठन इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
मनोज शुक्ला ने प्रबंधन एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि श्रम कानूनों के तहत मृतक के आश्रित परिवार को तत्काल उचित क्षतिपूर्ति प्रदान की जाए। इसके साथ ही बीमा राशि, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ एवं अन्य वैधानिक सहायता भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि ठेका मजदूरों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी है, और इस प्रकार की घटनाओं के बाद त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।
संगठन ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
टिप्पणियाँ