संवाद दाता रामकुमार प्रजापति
ग्राम पंचायत बरौल गांव में पारंपरिक कटोरी पूजा का आयोजन शनिवार को किया गया इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। सदियों पुरानी इस परंपरा में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से भाग लेते हुए ग्राम देवता की आराधना की और आगामी वर्ष में अच्छी बारिश, भरपूर फसल तथा सुख-समृद्धि की कामना की।
पर्व के अवसर पर गांव के प्रत्येक घर से धान एकत्र कर उसे विधिवत ग्राम के महादेव स्थल पर अर्पित किया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गांव के बैगा द्वारा पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान सभी लोग पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए, जिससे आयोजन की सांस्कृतिक गरिमा और बढ़ गई।
ग्रामीणों का मानना है कि कटोरी पूजा से प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा मिलती है तथा खेती-किसानी में उन्नति होती है। इस पूजा का मुख्य उद्देश्य वर्षा की अनुकूलता, पशुधन की वृद्धि और गांव में सुख-शांति बनाए रखना है।
आयोजन के दौरान बुजुर्गों ने युवाओं को इस परंपरा का महत्व बताते हुए इसे आगे भी निभाने की प्रेरणा दी। वहीं बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने इस पर्व को सामाजिक एकता का प्रतीक बना दिया।
पूरे आयोजन में अनुशासन और आपसी सहयोग की झलक देखने को मिली। अंत में सभी ग्रामीणों ने गांव की खुशहाली और समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
टिप्पणियाँ