श्री निवास मिश्रा
रीवा। देवकी नंदन नगर मैदान में आयोजित संविधान जागरूकता मंच का वार्षिक अधिवेशन उत्साह और वैचारिक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अधिवेशन में देशभर से आए विधि विशेषज्ञों, अधिवक्ताओं, किसानों एवं समाजसेवियों ने भाग लेकर संविधान में व्यापक परिवर्तन तथा “स्वदेशी संविधान” के निर्माण को लेकर गंभीर चिंतन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में “हम सबका एक ही सपना, स्वदेशी संविधान हो अपना” का जयघोष करते हुए इस विचारधारा का समर्थन किया।
अधिवेशन का शुभारंभ दिल्ली से पधारे मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष चूड़ामणि पटेल, अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने संविधान के वर्तमान स्वरूप पर पुनर्विचार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समय के साथ देश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक आवश्यकताओं के अनुरूप संविधान में परिवर्तन आवश्यक है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के जौनपुर से आए उपाध्यक्ष त्रिभुवन लाल चमार ने संविधान में वास्तविक समानता स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को न्याय और अवसर की समान उपलब्धता सुनिश्चित करना ही किसी भी संविधान की मूल भावना होनी चाहिए।
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय संयोजक रोहिणी प्रसाद तिवारी, अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय ने अपने विचार रखते हुए कहा कि “स्वदेशी संविधान” केवल एक विचार नहीं, बल्कि जन-जन की आकांक्षा बन चुका है। उन्होंने संकल्प दिलाया कि संविधान जागरूकता मंच देश के प्रत्येक प्रदेश और जिले में जनचेतना अभियान चलाकर इस विचार को मजबूत करेगा।
अधिवेशन में जबलपुर से पधारे संगठित हिन्दू श्रृंखला परिषद एवं संगठित हिन्दू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता हिन्दू एसपी सिंह राजपूत ने भी मंच के उद्देश्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के जागरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर सतना सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. अमित पांडेय, सत्येंद्र शर्मा, श्रीमती प्रतीक्षा पांडेय, गुलाब सिंह, सूर्यबली पांडेय, पुष्पराज शुक्ला, नवीन तिवारी, आनंद नारायण, अनिल कुमार मिश्र, रामायण सिंह, रूपेश तिवारी, लालबहादुर सिंह, पी.के. गर्ग, विजय तिवारी, डब्ल्यू मिश्रा, राहुल सिंह, आनंद तिवारी, अंकलेश्वर दुबे, मनोज सिंह, राम बहोंर, सुरेश पटेल, धर्मेंद्र सिंह सेंगर, रमेश प्रसाद मिश्र, संदीप सिंह तिवारी, नागेंद्र मणि त्रिपाठी, शंकर दत्त तिवारी, गंगाशंकर द्विवेदी, राजेंद्र कुमार प्रजापति, मंगल शरण गौतम, प्रहलाद पांडेय, देवेंद्र शुक्ला, दीपक कुमार, महेश शुक्ला, किरण पांडेय, डॉ. जी.पी. मिश्र, विजय शुक्ला, सुशीला पाठक, राजमणि त्रिपाठी एवं श्रीमती गायत्री रोहिणी प्रसाद तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कृष्ण कुमार अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिवेशन की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद दिया।
टिप्पणियाँ