तेज आंधी-बारिश से सरिया क्षेत्र में तबाही: पेड़ और बिजली पोल गिरे,
बुदबुदा–पंचधार मार्ग बाधित, कई इलाकों में अंधेरा..
सारंगढ़-बिलाईगढ़// गुरुवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने सरिया तहसील क्षेत्र में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जहां भीषण गर्मी और उमस से थोड़ी राहत दी, वहीं दूसरी ओर भारी नुकसान भी पहुंचाया। कई जगह विशालकाय पेड़ और बिजली के पोल गिरने से सड़कें जाम हो गईं और बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बुदबुदा–पंचधार मार्ग पूरी तरह बाधित
आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि बुदबुदा–पंचधार मार्ग पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गए। इससे आवागमन पूरी तरह रुक गया। अचानक रास्ता बंद होने से लोगों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए, जिससे स्थिति और भी कठिन हो गई।
ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
बारिश के साथ सरिया क्षेत्र में जमकर ओले भी गिरे, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीण इलाकों में लोग अपने-अपने स्तर पर नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
बिजली व्यवस्था चरमराई, कई गांव अंधेरे में
तेज हवा के कारण जगह-जगह पेड़ गिरकर बिजली के तारों और पोल पर टूट पड़े। इससे कई पोल क्षतिग्रस्त हो गए और तार टूटने से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई गांवों में शाम होते-होते अंधेरा छा गया, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने संभाली मोर्चा
बारिश थमने के बाद बुदबुदा के ग्रामीण खुद ही सड़क से पेड़ हटाने में जुट गए। हाथों में आरी और कुल्हाड़ी लेकर लोगों ने मिलकर रास्ता साफ करने की कोशिश शुरू की, ताकि जल्द से जल्द आवागमन बहाल हो सके। स्थानीय लोगों की इस पहल से सामुदायिक सहयोग की मिसाल देखने को मिली।
बिजली विभाग की टीम मैदान में
बरमकेला बिजली विभाग के एई और सरिया जेई मदन नायक ने बताया कि आंधी का असर पूरे क्षेत्र में पड़ा है। कई जगह पेड़ गिरने से पोल टूट गए हैं और तारों को भी भारी नुकसान हुआ है। विभाग की पेट्रोलिंग टीम लगातार फील्ड में काम कर रही है और जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
लोगों को भारी परेशानी
अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने आम लोगों की दिनचर्या को बिगाड़ दिया है। जहां एक ओर सड़क बंद होने से आवागमन प्रभावित हुआ, वहीं बिजली कटने से पानी, मोबाइल नेटवर्क और अन्य जरूरी सेवाएं भी बाधित हो गईं। ग्रामीणों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है और स्थिति सामान्य होने का इंतजार है।
फिलहाल प्रशासन और बिजली विभाग स्थिति को संभालने में जुटे हैं। आने वाले समय में मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


टिप्पणियाँ