_27 अप्रैल 2026, बालोद_
_संवाददाता: सरिता, साइंस वाणी न्यूज छत्तीसगढ़_
शादी के सीजन के बीच छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक बड़ा हादसा टल गया। कांकेर जिले के अरोद गांव से बालोद के बड़गांव जा रही बारातियों से भरी बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस लपटों से घिर गई। गनीमत रही कि सभी बाराती सुरक्षित बच गए।
*जगतरा मंदिर के पास हुआ हादसा:* जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 07 E 1171 कांकेर जिले के अरोद गांव से बारातियों को लेकर बालोद जिले के बड़गांव जा रही थी। जैसे ही बस पुरूर थाना क्षेत्र के जगतरा मंदिर के पास पहुंची, अचानक बस में आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।
*सवारियों ने बचाई जान:* आग लगते ही बस में सवार बारातियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो बड़ी राहत की बात है। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
*पुलिस जांच में जुटी:* घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।
शादी के सीजन में सड़क हादसों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन ने ट्रेवल्स संचालकों और वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी तय करने से पहले वाहन की तकनीकी जांच जरूर कराएं।
टिप्पणियाँ