साइंस वाणी न्यूज़ प्राप्त जानकारी अनुसार कापू, धरमजयगढ़़ रायगढ़, 02 मई। रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुम्हीचुआ में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने महज कुछ दिनों के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उधारी के पैसों को लेकर उपजी पुरानी रंजिश इस हत्या की वजह बनी। आरोपी ने युवक की गला और मुंह दबाकर हत्या करने के बाद शव को घर के पीछे फेंककर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया था। पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को ग्राम कुम्हीचुआ निवासी 30 वर्षीय देवव्रत तुरी का शव उसके निर्माणाधीन मकान के पीछे बाड़ी में संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना मिलते ही कापू पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर संघर्ष और दबाव के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने और गले की हड्डी टूटने से मौत होना पाए जाने पर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना तेज कर दी गई। वहीं जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों, ग्रामीणों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि गांव के करमसाय नागेसिया और मृतक के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि छह वर्ष पूर्व मृतक ने आरोपी से पांच हजार रुपये उधार लिए थे, जिसे लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हो चुका था। वहीं संदेह के आधार पर पुलिस ने करमसाय नागेसिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि 26 अप्रैल की रात शादी कार्यक्रम से लौटते समय उसकी मुलाकात देवव्रत तुरी से हुई। पुराने विवाद और पैसे वापस नहीं मिलने की नाराजगी में उसने देवव्रत का पीछा किया और घर के पास उसे पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद मुंह और गले को दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को घर के पीछे बाड़ी में फेंककर फरार हो गया। वहीं पुलिस ने आरोपी करमसाय नागेसिया (42 वर्ष) निवासी ग्राम कुम्हीचुआ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पूरे मामले के खुलासे में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव सहित कापू पुलिस और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, “कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। किसी भी विवाद का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए।”
टिप्पणियाँ