जांजगीर-चांपा: 3 मई को NEET, कलेक्टर-SP ने किया केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण, 'पारदर्शी-शांतिपूर्ण परीक्षा हो' - कलेक्टर, पुलिस बल व ट्रैफिक पर SP के सख्त निर्देश
_1मई 2026, जांजगीर-चांपा_
_संवाददाता: सरिता, साइंस वाणी न्यूज छत्तीसगढ़_
आगामी 3 मई को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा को लेकर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री शशि चौधरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
*कलेक्टर ने परखी मूलभूत सुविधाएं:* निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों में *बैठक की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली* सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि *परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं।*
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा *पूरी तरह पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो*, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को भी निर्देशित किया कि *निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।*
*SP ने दिए सुरक्षा के निर्देश:* वहीं, पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान *सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने* के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। SP ने कहा कि प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और नकलविहीन परीक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
*प्रशासन अलर्ट मोड पर:* दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 3 मई से पहले सभी कमियां दूर कर ली जाएं। केंद्रों पर CCTV, जैमर, वीडियोग्राफी, मेडिकल टीम और दिव्यांग छात्रों के लिए रैंप की व्यवस्था अनिवार्य रहेगी।
टिप्पणियाँ