कोयलीबेड़ा बाजार में तेंदूपत्ता से भरे ट्रक में लगी आग पर स्थानीय पुलिस एवं बीएसएफ की त्वरित कार्यवाही।40वीं वाहिनी बीएसएफ के जवानों एवं स्थानीय पुलिस की सजगता से टला बड़ा अग्निकांड।
बसंत प्रधान जिला ब्यूरो चीफ कांकेर
पुलिस अधीक्षक कार्यालय,
जिला-उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)
दिनांक : 22 मई 2026
◽बाजार क्षेत्र के मकान, दुकान एवं सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित बचाते हुए स्थानीय पुलिस, BSF टीम एवं फायर स्टेशन अंतागढ़ के संयुक्त प्रयास से आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया गया।
दिनांक 22 मई 2026 को लगभग 11:00 बजे थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत कोयलीबेड़ा बाजार में तेंदूपत्ता से भरे एक ट्रक क्रमांक CG 21 J 7755 में अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। प्रारंभिक जानकारी अनुसार वाहन ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों के संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके कारण वाहन में आग लग गई।
सूचना प्राप्त होते ही थाना कोयलीबेड़ा पुलिस एवं 40वीं वाहिनी BSF द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। इंद्रम, DC/Adjt, 40वीं वाहिनी BSF के निर्देशन में सूबेदार मेजर अरविंद कुमार सहित 01 SO एवं 15 जवानों की टीम अग्निशमन उपकरण एवं पानी टैंकर के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि पनिडोबीर से कोयलीबेड़ा की ओर आ रहा तेंदूपत्ता से लदा ट्रक आग की चपेट में था। वाहन में लगभग 300 बोरी सूखे तेंदूपत्ता लोड होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। चालक द्वारा समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई गई। बाजार क्षेत्र में आग फैलने की गंभीर संभावना को देखते हुए वाहन को खुले मैदान की ओर ले जाकर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, जिससे आसपास के मकान, दुकानों एवं जनसंपत्ति को सुरक्षित बचाया जा सका।
BSF जवानों द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर, यूनिट वाटर टैंकर एवं समीपस्थ जल स्रोत की सहायता से लगातार आग बुझाने का कार्य किया गया। साथ ही फायर स्टेशन अंतागढ़ से फायर ब्रिगेड वाहन बुलाकर संयुक्त रूप से आग पर नियंत्रण स्थापित किया गया।
स्थानीय पुलिस एवं बीएसएफ की त्वरित, साहसिक एवं समन्वित कार्यवाही के चलते एक बड़े अग्निकांड को टालते हुए नागरिक जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
कांकेर पुलिस आमजन से अपील करती है कि विद्युत तारों के नीचे से भारी वाहन सावधानीपूर्वक निकालें एवं किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल 112 पर देवें।
टिप्पणियाँ