भीषण गर्मी से बच्चों की सुरक्षा को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन20 मई से 10 जून तक आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने की मांग, सैकड़ों कार्यकर्ता रहीं मौजूद
भीषण गर्मी से बच्चों की सुरक्षा को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
20 मई से 10 जून तक आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने की मांग, सैकड़ों कार्यकर्ता रहीं मौजूद
ललितपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि छोटे बच्चों को लू और गर्मी से बचाने के लिए 20 मई 2026 से 10 जून 2026 तक आंगनबाड़ी केंद्र बंद किए जाना अति आवश्यक है।
ज्ञापन में बताया गया कि जनपद में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। प्राथमिक विद्यालयों और जूनियर हाईस्कूलों में भी अवकाश घोषित किए जाने की तैयारी है, ऐसे में आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा बना हुआ है।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अधिकांश केंद्रों पर पंखा, कूलर, बिजली और गर्मी से बचाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में छोटे बच्चों के बीमार होने और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवकाश घोषित किया जाए। कार्यकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि अवकाश के दौरान टीकाकरण एवं पोषाहार वितरण का कार्य नियमित रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान आंगनबाड़ी संघ के जिला संरक्षक रविंद्र रावत, जिला अध्यक्ष आभा शर्मा, जिला महामंत्री मिथिलेश त्रिपाठी, सुमन राजा, अलोकता पाठक, मीना राय, सपना देवी, रुक्मणी सहित सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
टिप्पणियाँ