खरसिया - खरसिया से कुछ दूरी में स्थित ग्राम पंचायत पतरापाली में इन दिनों Reliance Jio की इंटरनेट सेवा को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना अधिक उपयोग किए ही डेटा पैक बहुत तेजी से खत्म हो रहा है, जिससे आम जनता खासकर गरीब एवं मजदूर वर्ग के लोग काफी परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मेहनत-मजदूरी कर लोग महंगे रिचार्ज करवाते हैं, लेकिन कुछ ही समय में डेटा समाप्त होने का मैसेज आ जाता है। जबकि कई उपभोक्ताओं का दावा है कि उन्होंने उतना इंटरनेट इस्तेमाल ही नहीं किया होता। इससे लोगों में कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ग्राम पंचायत पतरापाली में जियो का नेटवर्क टावर लगा होने के बावजूद उपभोक्ताओं को सही सुविधा नहीं मिल पा रही है। लोगों का कहना है कि नेटवर्क कभी धीमा चलता है तो कभी बिना वजह डेटा तेजी से खत्म हो जाता है। आखिर इसका कारण क्या है, यह उपभोक्ताओं की समझ से बाहर है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित कंपनी इस समस्या की जांच करे और उपभोक्ताओं को सही सुविधा उपलब्ध कराए, ताकि गरीब जनता का पैसा बेवजह बर्बाद न हो। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आगे शिकायत और आंदोलन करने की बात भी कह रहे हैं।
रिपोर्टर – बी डी चौहान

टिप्पणियाँ