खरसिया - ग्राम पंचायत बरगढ़ क्षेत्र में NH-49 पर स्थित पुल कुछ दिनों पहले क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद वहां निर्माण कार्य कराया गया। निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों सहित सभी प्रकार की आवाजाही पुराने मार्ग से कराई गई थी। उस समय PWD विभाग द्वारा ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया था कि यदि पुरानी सड़क कहीं भी क्षतिग्रस्त होती है तो उसका तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
लेकिन पुल निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी पुरानी सड़क के टूटे एवं जर्जर हिस्सों की मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस नेता जीतेश जायसवाल द्वारा जानकारी दी गई है कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है। हर बार विभागीय अधिकारियों द्वारा “जल्द सड़क बन जाएगी” कहकर आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक न तो सड़क निर्माण शुरू हुआ है और न ही मरम्मत कार्य कराया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात का मौसम नजदीक है और यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। जगह-जगह टूटी सड़क हादसों का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क का तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
बी डी चौहान की खास रिपोर्ट


टिप्पणियाँ