जी.एम.एन. कॉलेज, अंबाला कैंट के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय कविता पाठ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम गौरवान्वित किया। इस प्रतियोगिता में कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में जी.एम.एन. कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न भाषाओं में उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। अश्विनीत ने उर्दू कविता पाठ में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पारस भोला ने हिंदी कविता पाठ में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रो. राजेश्वर प्रसाद 'शोख' द्वारा लिखित कविता के लिए विशेष पुरस्कार में भी अश्वनीत ने बाजी मारी। इसके अतिरिक्त जसमीत कौर ने पंजाबी कविता पाठ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर कॉलेज को ओवरऑल ट्रॉफी दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी प्रतिभा, मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जी.एम.एन. कॉलेज सदैव विद्यार्थियों को साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करता रहा है, जिससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है।
इस अवसर पर कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. रितु गुप्ता और डॉ. मनजीत कौर ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के बल पर कॉलेज को यह गौरव दिलाया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें साहित्य के प्रति भी प्रेरित करती हैं।
कॉलेज प्रबंधन और स्टाफ ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
टिप्पणियाँ