संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, लैलूंगा
लैलूंगा। रायगढ़ जिले के विकासखंड लैलूंगा अंतर्गत ग्राम लिबरा में दिनांक 15 मार्च 2026, दिन रविवार को अखिल भारतीय अघरिया केंद्रीय समिति रायगढ़ द्वारा वार्षिक सम्मेलन (बाल सभा) का आयोजन बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में अघरिया समाज के सदस्य, सामाजिक पदाधिकारी, युवा एवं महिलाएं शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का फूल-माला एवं पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक विकास तथा नई पीढ़ी को संस्कार और मार्गदर्शन देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित समाजजनों ने आपसी भाईचारे को मजबूत करते हुए समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में समाज के वरिष्ठ एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष माननीय श्री दीपक कुमार सिदार उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष ज्योति भगत, मुकडेगा मंडल अध्यक्ष संजय पटेल, पूर्व विधायक चक्रधर सिंह सिदार, रोशन पाणडा सहित समाज के कई गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अघरिया समाज की केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती उषा पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने समाज के संगठन, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने पर जोर देते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा और एकता है। बच्चों और युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ समाज की संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना आवश्यक है, जिससे आने वाली पीढ़ी समाज और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सके।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया तथा बच्चों और युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। साथ ही समाज के विकास और संगठन को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
टिप्पणियाँ