मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास लमडांड में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, लैलूंगा
लैलूंगा। रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित प्री मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास लमडांड में रविवार 15 मार्च 2026 को कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम छात्रावास की निगरानी समिति की उपस्थिति में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र की जनपद सदस्य उमा लीलाधर पटेल उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में चमरा राम प्रधान शामिल हुए तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता निगरानी समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत लमडांड के सरपंच कशराम प्रजा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर धूप-दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ की गई। इसके पश्चात छात्रावास के छात्र छत्रपाल ने मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाली और अपने सहज, प्रभावशाली एवं आकर्षक संचालन से कार्यक्रम को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया। उनके संचालन की सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने सराहना की।
इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक नंद किशोर सतपथी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, परिश्रम और अच्छे संस्कार अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि उमा लीलाधर पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे आगे चलकर अपने परिवार, क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करें और शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
वहीं विशिष्ट अतिथि चमरा राम प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव अपने गुरुजनों एवं माता-पिता का सम्मान करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कशराम प्रजा ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह विदाई केवल एक पड़ाव का अंत है, लेकिन जीवन की नई यात्रा की शुरुआत भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विदाई ले रहे विद्यार्थियों ने भी छात्रावास में बिताए अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने छात्रावास में मिले स्नेह, अनुशासन, मार्गदर्शन और साथियों के साथ बिताए गए यादगार पलों को याद करते हुए भावुक होकर अपने विचार व्यक्त किए तथा छात्रावास परिवार के प्रति आभार प्रकट किया।
इसके बाद सभी अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को चंदन तिलक लगाकर पुष्पगुच्छ भेंट किए गए तथा उन्हें फाइल और पेन प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया गया। इस दौरान कार्यक्रम का वातावरण भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना रहा।
कार्यक्रम के समापन की घोषणा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमडांड के प्राचार्य प्रतिनिधि राहुल गौतम द्वारा की गई।
अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ स्नेहपूर्वक सामूहिक भोजन ग्रहण किया और बच्चों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ते हुए समाज और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
टिप्पणियाँ