मुंगेली। जिले के ग्राम पंचायत घानाघाट में पिछले कई वर्षों से संचालित अवैध शराब कारोबार को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव में लगातार बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों और शराबियों के जमावड़े से परेशान ग्रामीण अब खुलकर विरोध में उतर आए हैं। सरपंच एवं वार्ड पंचों के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने एवं आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम घानाघाट निवासी घनश्याम डड़सेना पिता स्वर्गीय रामाधार डड़सेना पिछले लगभग 10 वर्षों से गांव में अवैध शराब बिक्री का कारोबार चला रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस कार्य में उसकी माता अहिल्या बाई एवं भाई लोमश डड़सेना भी सहयोग कर रहे हैं। आरोप है कि परिवार द्वारा गांव में खुलेआम शराब का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है, जिससे गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है।
पोस्ट ऑफिस और शिव मंदिर के पास शराबियों का जमावड़ा
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि जहां अवैध शराब की बिक्री की जा रही है, उसके ठीक बगल में पोस्ट ऑफिस स्थित है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आना-जाना रहता है तथा लाखों रुपये का लेनदेन होता है। शराबियों की भीड़ के कारण वहां आने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं एवं बुजुर्गों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा पास में स्थित भगवान शिव मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शराबियों की मौजूदगी से धार्मिक वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा किसी भी समय अप्रिय घटना घटने की आशंका बनी रहती है।
युवा पीढ़ी पर पड़ रहा दुष्प्रभाव
ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि गांव के युवा तेजी से शराब की लत की चपेट में आ रहे हैं। अवैध शराब की आसान उपलब्धता के कारण युवा वर्ग का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा सामाजिक वातावरण बिगड़ता जा रहा है।
CCTV फुटेज में कैद हो रही गतिविधियां
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि पोस्ट ऑफिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में शराब बिक्री एवं संदिग्ध गतिविधियों के दृश्य स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में डिण्डौरी चौकी एवं चिल्फी थाना में कई बार मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी कोई व्यक्ति इस अवैध कारोबार का विरोध करता है या शराब बिक्री बंद करने की बात कहता है, तब आरोपित गाली-गलौज एवं दादागिरी पर उतर आते हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विरोध करने वालों को जान से मारने तक की धमकी दी जाती है, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
सरपंच और पंचों ने की कार्रवाई की मांग
शिकायत पत्र में ग्राम पंचायत घानाघाट की सरपंच महंतीन बाई, वार्ड क्रमांक 02 की पंच विजयलक्ष्मी सहित नारद प्रसाद डड़सेना, महेन्द्र कुमार, देवेन्द्र कुमार जायसवाल एवं अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने इस मामले की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक एवं गृह मंत्री को भी भेजते हुए गांव को अवैध शराब कारोबार से मुक्त कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर गांव में शांति एवं सुरक्षित वातावरण बहाल करने की अपील की है।
टिप्पणियाँ