जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : किराना दुकान में लाखों की चोरी का खुलासा, खरीददार समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ जशपुर।
जशपुर पुलिस ने शहर के एक किराना व्यापारी की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए चोरी में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो वाहन जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, जशपुर निवासी व्यापारी विक्रम ताम्रकार की “विक्रम किराना दुकान” लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित है। 08 मई 2026 की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और लाखों रुपये की राशन सामग्री चोरी कर फरार हो गए। अगले दिन सुबह दुकान का ताला टूटा मिलने पर व्यापारी ने थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 305(A), 3(5) एवं 317(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस टीम ने लगातार संदिग्धों से पूछताछ, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, साइबर सेल की तकनीकी मदद तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान जशपुर के नवाटोली, बनियाटोली, सरना टोली एवं करबला रोड के कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
पुलिस ने विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी और पमित बरला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नवाजिश खान के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी का सामान ऑटो में भरकर झारखंड के गुमला जिले के सकतारा गांव निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेच दिया गया था।
इसके बाद पुलिस टीम ने झारखंड पहुंचकर चोरी का सामान खरीदने वाले अमृत लाल केरकेट्टा को गिरफ्तार किया। वहीं घटना के बाद फरार आरोपी नवाजिश खान को साइबर टीम की मदद से सिमडेगा, झारखंड से पकड़कर जशपुर लाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 डिब्बा 13 लीटर रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन, 36 पैकेट सिगरेट, चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 1005 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736 जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत (29 वर्ष), अजय रवानी (40 वर्ष), कार्तिक भगत (26 वर्ष), पमित बरला (20 वर्ष), अमृत लाल केरकेट्टा (50 वर्ष) तथा नवाजिश खान (34 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी नवाजिश खान को पकड़कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पूरे मामले की कार्रवाई में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, साइबर सेल के उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और चोरी जैसे अपराधों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
टिप्पणियाँ