*महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल*
*सरसीवां में एकदिवसीय धरना, रैली निकाल केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन*
सरसीवां बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को सरसीवां में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री तथा सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों को मुद्दा बनाते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरसीवां के नेतृत्व में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। वहीं खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों के सामान भी लगातार महंगे होते जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
कार्यक्रम में कविता प्राण लहरें के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरसीवां के अध्यक्ष भीष्म साहू ने अपने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में कांग्रेस के झंडे और महंगाई विरोधी तख्तियां लेकर नगर भ्रमण किया तथा बाजार क्षेत्र में आम लोगों और व्यापारियों से संवाद कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाअध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत आर्थिक नीतियों के कारण बेरोजगारी बढ़ रही है,और आम जनता आर्थिक दबाव में जीवन यापन करने को मजबूर है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि प्राण लहरे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोपाल पांडे, नीतीश बंजारे, जागेश्वर लहरे, तीरीथ खटकर, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आकाश पाण्डेय, सोनाखान ब्लॉक अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, रमेश सोनी, अब्दुल खान, संजय साहू, जान मोहम्मद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरना प्रदर्शन के अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भीष्म साहू ने सरकार से बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण लगाने और आम जनता को राहत देने की मांग की।

टिप्पणियाँ