ग्राम पंचायत दर्री में धूमधाम से मनाया गया सुशासन तिहार, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु लगे विभागीय शिविर*
साइंस वाणी न्यूज़ खरसिया – शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने एवं ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत दर्री में सुशासन तिहार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खरसिया के छाया विधायक श्री महेश साहू जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके आगमन पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
सुशासन तिहार के दौरान गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। इस अवसर पर खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग, जल संसाधन विभाग, उद्यान विभाग, राजस्व विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, पशुधन विकास विभाग एवं थाना भूदेवपुर सहित कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा। कई ग्रामीणों ने राशन कार्ड, पेंशन, आवास, राजस्व संबंधी मामलों, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निराकरण का आश्वासन दिया।
छाया विधायक श्री महेश साहू जी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए ताकि आम जनता को भटकना न पड़े।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक सलाह दी गई, वहीं पशुधन विकास विभाग ने पशुपालकों को पशुओं की देखभाल एवं उपचार संबंधी जानकारी दी। शिक्षा विभाग ने बच्चों की शिक्षा एवं शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की। थाना भूदेवपुर की टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराध, यातायात नियम एवं कानून व्यवस्था के प्रति जागरूक किया।
सुशासन तिहार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिलने के साथ-साथ समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिली।
रिपोर्टर
दीपक डनसेना

टिप्पणियाँ