सोनपुर सु स्कूल में महीनों से पानी की समस्या से जूझ रहे छात्र-छात्राओं को अब राहत, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और जनपद सदस्य के प्रयास से हुआ हैंडपंप खनन
जिले के ग्राम पंचायत सोनपुर सु स्थित शासकीय हाई स्कूल में लंबे समय से चल रही पेयजल समस्या आखिरकार दूर हो गई। स्कूल परिसर में लगा पुराना बोर धंस जाने के कारण विगत कई महीनों से छात्र-छात्राओं और स्कूल स्टाफ को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति ऐसी हो गई थी कि बच्चों को प्यास बुझाने के लिए स्कूल प्रांगण से बाहर जाना पड़ता था, जिससे पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई थी।
स्कूल में लगातार बढ़ती परेशानी को देखते हुए संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य श्रीमती मिनी पाणिकर ने क्षेत्रीय जनपद सदस्य कान्ति देवी सिंह मार्को को पत्र लिखकर स्कूल परिसर में नए हैंडपंप खनन कराने की मांग की थी। प्राचार्य ने अपने पत्र में बताया था कि स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद सदस्य कान्ति देवी सिंह मार्को ने तत्काल पहल करते हुए अपने पुत्र एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि तथा भारतीय जनता पार्टी अजजा मोर्चा सूरजपुर के जिला उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह मार्को के माध्यम से कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) सूरजपुर को पत्र प्रेषित कराया। पत्र में स्कूल में तत्काल हैंडपंप खनन कराए जाने का अनुरोध किया गया।
इसके साथ ही क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े को भी स्कूल में व्याप्त पेयजल संकट की जानकारी दी गई। बताया जाता है कि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देश और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय पहल का परिणाम रहा कि महज एक माह के भीतर स्कूल परिसर में नए हैंडपंप का खनन कार्य पूरा कर लिया गया।
हैंडपंप चालू होने के बाद अब स्कूल के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो रहा है। लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान स्कूल परिवार ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने भी इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की है।
ग्राम पंचायत सोनपुर सु के सरपंच छोटेलाल सिंह पैकरा ने कहा कि स्कूल में पेयजल व्यवस्था नहीं होने से बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी, लेकिन अब हैंडपंप लग जाने से समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जनपद सदस्य कान्ति देवी सिंह मार्को तथा जनपद सदस्य प्रतिनिधि महेन्द्र सिंह मार्को के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं स्कूल की प्राचार्य श्रीमती मिनी पाणिकर ने भी कहा कि बच्चों को अब स्कूल परिसर में ही स्वच्छ पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा और पढ़ाई का माहौल बेहतर होगा।
एसएमडीसी अध्यक्ष शिवनाथ पैकरा सहित स्कूल परिवार और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एवं जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनहित की समस्याओं के समाधान के प्रति उनकी सक्रियता सराहनीय है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह जनप्रतिनिधि शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर संवेदनशीलता दिखाते रहे, तो क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
टिप्पणियाँ