बंजारी मंदिर के पास रोज लग रहा जाम’, ट्रकों की अवैध पार्किंग से थम रही जिंदगी…एम्बुलेंस तक फस रही है जाम में
रायगढ़/धरमजयगढ़। रायगढ़ से धरमजयगढ़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित बंजारी मंदिर के पास इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। सड़क किनारे भारी ट्रकों और अन्य वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण यहां प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों के अनुसार सड़क के दोनों किनारों पर ट्रकों को लापरवाहीपूर्वक खड़ा कर दिया जाता है, जिससे मुख्य सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई बार एंबुलेंस जैसे इमरजेंसी वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे मरीजों की जान तक खतरे में पड़ रही है।
रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, कर्मचारियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को घंटों जाम में फंसकर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यातायात विभाग और प्रशासन की अनदेखी के कारण यह समस्या लगातार विकराल रूप लेती जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई बार छोटे वाहन चालकों और ट्रक ड्राइवरों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है। सड़क पर फैली अव्यवस्था के कारण कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि बंजारी मंदिर के पास अवैध रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


टिप्पणियाँ